फरधान (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के गांव मन्योरा में बुधवार की शाम करीब सात बजे एक युवक की ईंटों से कूचकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव के बाहर उसी के खेत में बने पोल्ट्री फार्म पर मिला। शव के पास ही खून से सनी दो ईंटें भी मिलीं। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जब पंचनामा भरना शुरू किया तो परिवार के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध करने लगे। मामला तूल पकड़ने की जानकारी पर एएसपी शैलेंद्र लाल सहित आसपास के थानों का फोर्स पहुंच गया। एएसपी के आश्वासन पर मृतक के बड़े भाई अरविंद कुमार ने तीन अज्ञात सहित गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। एएसपी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों पक्षों के घर पर फोर्स तैनात कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव मन्योरा निवासी प्रहलाद वर्मा का 25 वर्षीय बेटा राजेश वर्मा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के बाहर खेत में बने पोल्ट्री फार्म पर गया था। शाम करीब सात बजे जब पिता प्रहलाद वर्मा पोल्ट्री फार्म पहुंचे तो राजेश का शव चारपाई पर मिला। मृतक के पास ही खून से सनी ईटें भी पड़ीं थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद शव का पंचनामा भरना शुरू किया तो परिजन ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी पर एएसपी शैलेंद्र लाल, नीमगांव, फूलबेहड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और मृतक के परिजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के भाई अरविंद कुमार ने तीन अज्ञात सहित गांव के ही विजय वर्मा पुत्र जगतपाल, भोलानाथ पुत्र दीनबंधु, रितेश एवं छोटू पुत्रगण विजय वर्मा एवं कपिल निवासी रुकंदीपुर को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने विजय वर्मा को हिरासत में ले लिया। वहीं अन्य नामजद फरार हो गए। अरविंद कुमार ने पोल्टी फार्म से 25 हजार की नकदी, राजेश की दो सोने की अंगूठी और मोबाइल भी गायब होना बताया है।
पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
युवक की हत्या के मामले में परिजन पुरानी रंजिश का मामला बता रहे हैं। वहीं पुलिस जमीन की रंजिश के अलावा प्रेम प्रसंग और लूटपाट के बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है। कोतवाल विमल गौतम ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।