लखीमपुर खीरी। खमरिया में अपना मेडिकल स्टोर बंद कर लखीमपुर लौट रहे एक व्यक्ति पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने पीठ में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
शहर के मोहल्ला काशीनगर निवासी रमेश मिश्र (40) का थाना ईसानगर क्षेत्र के कस्बा खमरिया में मेडिकल स्टोर है। मोहल्ले के ही डॉ. शैलेंद्र कुमार का भी खमरिया में क्लीनिक होने के चलते दोनों अक्सर एक ही बाइक से आते-जाते हैं। शनिवार की शाम दोनों लोग बाइक से घर वापस आ रहे थे। बाइक डॉ. शैलेंद्र चला रहे थे, रमेश मिश्र पीठ पर पिट्ठू बैग लादे पीछे बैठे थे। करीब सवा छह बजे देवापुर नहर पटरी पर एक डिग्री कॉलेज के पास पहुंचने पर दो बदमाशों ने पीछे से उन्हें घेर लिया और रमेश मिश्र पर गोली चला दी। गोली बैग को पार करती हुई उनकी पीठ में जा धंसी, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद हमलावर शहर की तरफ भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीठ में गोली फंसी होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। घायल रमेश मिश्रा ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं हैं। अंधेरा होने के कारण वह बदमाशों को देख भी नहीं पाए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी विजय आनंद, प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र जिला अस्पताल पहुंचे और पूछताछ की। सीओ सिटी विजय आनंद ने बताया कि हमलावरों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।