मोहम्मदी। एक युवती से प्रेम संबंध होने के बाद उससे निकाह रचाने के खातिर पत्नी को एक साथ तीन तलाक कहने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दो दिन पहले बीच बाजार में शौहर ने तीन तलाक दे दिया था।
मोहल्ला शुक्लापुर निवासिनी एक युवती का छह साल पूर्व खेतहरा गांव के युवक सलमान से निकाह हुआ था। उसका एक बेटा भी है। थोडे़ समय तक सब ठीकठाक चला, लेकिन इसी बीच शौहर के किसी दूसरी लड़की से प्रेम संबंध हो गए। अब शौहर अपनी प्रेमिका से निकाह करना चाहता है। जब पहली पत्नी ने दूसरे निकाह का विरोध किया तो शौहर ने पीटकर उसे घर से निकाल दिया। उसने मायके आकर पिता को पूरी बात बताई। पिता सुलह समझौते का प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार को पीड़िता बाजार सामान खरादने गई थी। उसी समय उसका शौहर भी वहां आ गया। वहीं दोनों के बीच कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ी कि शौहर ने वहीं उसे तीन तलाक बोल दिया। शनिवार को पीड़िता कोतवाली पहुंची और शौहर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। रविवार को पुलिस ने शौहर के खिलाफ तीन तलाक की एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने यह मामला गाली गलौज, जान से मारने की धमकी की धाराओं के साथ ही मुस्लिम महिला विवाह सुरक्षा अधिकार अधिनियम 2019 की धारा 4 चार के तहत दर्ज किया है।