लखीमपुर खीरी। दवा लेकर रिक्शे से उतरने के बाद मां के साथ पैदल घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाश चाकू दिखाकर सोने की चेन लूट ली। मां ने एक लुटेरे को पकड़ा तो दूसरे ने चाकू निकाल लिया। इससे मां-बेटी सहम गईं और लुटेरे को छोड़ दिया। दोनों लुटेरे महिला थाने के सामने से भाग निकले। दिनदहाड़े लूट की वारदात से हड़कंप मच गया।
घटना शनिवार सुबह 11.15 बजे की है। सदर कोतवाली की जेल गेट पुलिस चौकी की पॉश अफसर कॉलोनी के पीछे मोहल्ला सिकटिहा में उमा सिंह रहती हैं। उनका मायका भी इसी मोहल्ले में है। उनके पति मुकेश आर्मी में जीडी पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में वह जम्मू में तैनात हैं। करीब 15 दिन पहले उमा सिंह अपने मायके सिकटिहा आई थीं। शनिवार को वह अपनी मां प्रभा सिंह के साथ दवा लेने शहर के प्राइवेट नर्सिंग होम गई थीं। लौटते वक्त रिक्शे से उतरकर पैदल घर जा रहीं थीं। घर से 50 कदम पहले मोड़ पर सामने से लाल रंग की बाइक आई। उस पर दो लोग सवार थे। उनका चेहरा खुला था। दोनों में से बाइक चलाने वाले लुटेरे की उम्र 19 साल और चेन खींचने वाले पीछे सवार बदमाश की उम्र 35 से 40 साल के बीच थी। लुटेरों की बाइक की नेम प्लेट पर नंबर नहीं था। मां-बेटी कुछ समझ पातीं, इससे पहले बाइक पर पीछे सवार व्यक्ति ने बेटी के गले में झपट्टा मारकर चेन खींच ली। दिन दहाड़े ऐसा देखकर देख मां प्रभा सिंह ने हिम्मत जुटाई और एक लुटेरे का गिरेबान पकड़ लिया। इसके साथ ही मां-बेटी शोर मचाने लगीं। जब तक आसपास के लोग समझ पाते, बदमाश के दूसरे साथी ने चाकू निकाल लिया और मां-बेटी को जान से मार देने की धमकी दी। घबराई मां ने लुटेरे का गिरेबान छोड़ दिया। दोनों लुटेरे बाइक से महिला थाना के पास होते हुए भाग निकले। बेटी उमा सिंह ने लुटेरों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज
उमा सिंह ने लूट की घटना के तुरंत बाद यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। यूपी 100 की बाइक मौके पर पहुंची। बदमाश नहीं मिले तो यूपी-100 के सिपाही भी खानापूरी करके लौट गए। उधर, जेलगेट चौकी इंचार्ज जेपी यादव ने सूचना मिलने के बाद भी तीन घंटे तक मौके पर जाने तक की जरूरत नहीं समझी। तीन घंटे बाद चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और मां-बेटी के बयान लेकर वापस लौट आए। पुलिस ने लुटेरों की तलाश नहीं की। चेन स्नेचिंग की सूचना पुलिस को 11.30 बजे मिल गई थी, लेकिन चौकी इंचार्ज घटना दबाए रहे। चौकी इंचार्ज से चेन स्नेचिंग जब घटना के बाबत पूछा गया तो वह बोले, सूचना आई थी। जाकर देखते हैं।--
लुटेरे घंटे भर से कर रहे थे रेकी
घटना स्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि दोनों लुटेरे सुबह 10 बजे से मोहल्ले में बाइक से चक्कर लगा चुके थे। तीसरे चक्कर में बदमाशों ने घटना को अंजाम दे दिया। मतलब, बाइक सवार लुटेरों को पहले से पता था कि मां-बेटी गले में सोने की चेन पहनकर दवा लेने गई हैं।
पीड़ित महिला ने तहरीर दी है। जेल गेट चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- फतेह सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर