ईसानगर। ठकुरनपुरवा के मजरा शंकरपुर में रविवार रात भैंस चुराते समय हत्थे चढ़ने के बाद पीट-पीटकर मारे गए हिस्ट्रीशीटर बदमाश हरीसेन लोध और उसके दो साथी बदमाशों पर पुलिस ने जानलेवा हमला, चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मौके से भाग निकले साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।
शंकरपुर निवासी जगदीश ने बताया कि वह रविवार रात करीब आठ बजे घर में खाना खा रहे थे। इसी बीच पड़िया चिल्लाने लगी। उन्होंने अपनी पत्नी रामबेटी को देखने भेजा तो एक व्यक्ति भैंस खोलकर ले जा रहा था। यह देखने के बाद पत्नी के बुलाने पर पहुंचे जगदीश भैंस छुड़ाने की कोशिश करने लगे। इसी बीच हिस्ट्रीशीटर हरीसेन लोधी के दो अन्य साथी आ गए। परिवार और गांव के लोग भी पहुंच गए। हरीसेन ने तमंचे से फायर कर दिया, लेकिन वह और तब तक शोर सुनकर पहुंचे गांव के कुछ लोग बाल-बाल बच गए।
गोली की आवाज सुनकर भाई रामेश्वर, भतीजे दुर्गेश, अखिलेश और गांव के हरनाम, कन्हैया आदि भी आ गए और डंडे व ईंट-पत्थर चलाने लगे। इससे गांव हसनापुर निवासी हिस्ट्रीशीटर हरीसेन लोध गिर गया, जबकि उसके साथी शंकरपुर का ही रामलखन उर्फ कल्याण और मिश्रगांव निवासी मोहनलाल लोध मौके से भाग निकले। दोनों बदमाश न तो भैंस ले जा सके और न ही बिना नंबर की अपनी बाइक। हिस्ट्रीशीटर के गिरते ही भीड़ ने लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाश को अस्पताल ले जाती कि इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
पब्लिक एनकाउंटर में हिस्ट्रीशीटर के मारे जाने की सूचना पर रात में ही एसपी पूनम, एएसपी शैलेंद्र लाल गांव पहुंचे। अफसरों ने ग्रामीणों और भैंस मालिक से घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भैंस मालिक की तहरीर पर हरीसेन लोध और उसके दोनों साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद हरीसेन का शव उसके घर वालों को सौंप दिया गया।
मारे गए हरीसेन के खिलाफ 29 आपराधिक मामले हैं दर्ज
इंस्पेक्टर ईसानगर के मुताबिक हरीसेन के खिलाफ जानलेवा हमले, चोरी, बलवा, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, मादक पदार्थों की बरामदगी आदि के 19 मामले थाना ईसानगर में दर्ज हैं। इसके अलावा थाना मोतीपुर (बहराइच) में पांच और तंबौर (सीतापुर) में पांच केस दर्ज हैं। वहीं उसके साथी मोहनलाल पर ऐसे ही मामलों के पांच केस हैं। रामलखन उर्फ कल्याण का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
शव की शिनाख्त हरीसेन लोध निवासी के रूप में हुई है। जो थाना ईसानगर का हिस्ट्रीशीटर है। पूर्व से ही उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना ईसानगर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फरार दोनों बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।
- पूनम, पुलिस अधीक्षक