खमरिया। दुकान बंद कर घर जा रहे व्यापारी पर एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिससे वह झुलस गए। हादसे से अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण किसी तरह उन्हें बचाकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के पुत्र पंकज गुप्ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा मंगलवार की देर रात हुआ। राजेंद्र गुप्ता (55) की खमरिया बाजार में कपड़े की दुकान है। वह शाम को दुकान बंद कर घर जा रहे थे। सड़क से घर की तरफ मुड़े ही थे कि अचानक ऊपर से निकली एचटी लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया। वह चीखने-चिल्लाने लगे। जब तक लोग कुछ समझ पाते, कि तबतक वह झुलस गए। परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें आनन-फानन में खमरिया सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पावर कॉरपोरेशन के अफसरों की लापरवाही से गांव वालों में आक्रोश है। मृतक के पुत्र पंकज की तहरीर पर ईसानगर पुलिस ने पावर कॉरपोरेशन अफसरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 और 287 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।