कुकरा। मैलानी थाना क्षेत्र के कुकरा कस्बा के उत्तर गन्ने के खेत में गोवंशीय पशु के अवशेष मिले हैं। सूचना गांववासियों ने पुलिस को दी। सीओ रविंद्र कुमार वर्मा मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। खाल और मांस का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा है। वहीं अवशेष जमीदोज करवा दिए।
कोतवाली क्षेत्र में कस्बा कुकरा और गांव भुड़वारा गोवंश की हत्या के लिए कुख्यात है, जहां मौका पाते ही तस्कर गोवंश की हत्या कर देते हैं, जिसके अक्सर खेतों में अवशेष मिलते हैं। गोवंश बचाने के लिए योगी सरकार के कड़े नियम कानून और प्रशासन गोवंश को कटने से नहीं बचा पा रहे हैं। मंगलवार की सुबह कस्बा कुकरा के खंजनपुर मार्ग पर राधेश्याम यादव के गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने गोवंश के अवशेष पड़े देखे। जिसकी सूचना कस्बा और क्षेत्र में फैल गई। लोग गोवंश की हत्या पर रोक लगाने की मांग करते हुए एकत्र होने लगे। कस्बा निवासी उपदेश विश्वकर्मा ने गोवंश अवशेष मिलने की सूचना कसबा चौकी और सीओ को दी। सूचना पर पहुंचे सीओ रविंद्र कुमार वर्मा, मैलानी थानाध्यक्ष राजवीर सिंह, चौकी इंचार्ज अजय कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचे। अवशेष को जमीन में दबा दिया। खाल मांस का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा है। सीओ ने कस्बा चौकी इंचार्ज अजय कुमार शर्मा को गोवंश के हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया गुस्सा, दी तहरीर
कस्बा निवासी भाजपा कार्यकर्ता उपदेश, राजकुमार, राजीव कुमार कौशल, वेदप्रकाश गुप्ता, अमित मिश्र आदि ने गोवंश के अवशेष मिलने पर रोष व्यक्त किया और पुलिस को तहरीर देकर शीघ्र रोक लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी स्थिति में गोहत्या में संलिप्त लोग बचने नहीं चाहिए। पुलिस उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
मांस और खाल का टुकड़ा लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है। मुकदमा पंजीकृत कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ताकि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। पिछले 10 वर्षों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। पूर्व में जो लोग संलिप्त रहे हैं उनको सर्च कर कार्रवाई कराई जाएगी।
- सीओ रविंद्र कुमार वर्मा।