लखीमपुर खीरी। निघासन थाने की ढखेरवा चौकी इंचार्ज हरीश गंगवार के खिलाफ मंगलवार को कई ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और भाजपा के नेता एसपी से मिले। चौकी इंचार्ज पर धन उगाही करने, रुपये न देने पर जेल भेजने की धमकी देने और अभद्रता करने गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की।
ढखेरवा पुलिस चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत जम्हौरा, नौव्वापुर, दुलही, लखाही समेत आसपास गांवों के लोग और इन गांव के प्रधान जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार कन्नौजिया व भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री फूलमती के साथ मंगलवार को एसपी पूनम से मिले। गांव वालों ने बताया कि ढखेरबा चौकी इंचार्ज आम फरियादियों से अभद्रतापूर्ण बात करते हैं। बिना वजह चौकी पर फरियादियों को घंटे कर बैठाते हैं। चौराहे पर ठेलों और खोमचों वालों से वसूली करते हैं। पैसा न देने वाले दुकानदारों के ठेले और खोखे पलट देते हैं। दुकानदारों को फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी देते हैं। एसपी को बताया गया कि नौव्वापुर के प्रधान लालता प्रसाद से पुलिस चौकी में दो पंखे और इनवर्टर लगवाए। अब दरोगा ने उनसे चौकी में कूलर लगवाने को कहा है। जब प्रधान ने असमर्थता जताई तो उनके साथ अभद्रता की और फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी दी। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चौकी इंचार्ज को हटाने और जांच कर उनको हटाने की मांग की। गांव वालों ने बताया कि चौकी इंचार्ज को एक माननीय का संरक्षण प्राप्त है। उनके इशारे पर ही उन्हें ढखेरवा नियुक्त गया। चौकी इंचार्ज से जब इस बारे में उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
गांव के प्रधान और जिला पंचायत सदस्य समेत गांव वालों ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए गए तो चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई होगी। -पूनम, एसपी