मोहम्मदी। मोहम्मदी-बरवर मार्ग पर अचानक भागकर आया सांड़ बाइक से टकरा गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सब्जी व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस सीएचसी लाई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिससे उसके घर में चीखपुकार मच गई।
कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के गांव कचनार निवासी अमित उर्फ लवी (35) की रामपुर बाजार में सब्जी की दुकान है। रविवार की शाम वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। मोहम्मदी-बरवर मार्ग पर गांव पाल के निकट किसी ने खेत में घुसे सांड़ को भगाया। खेत से भाग कर सड़क पर पहुंचा सांड़ अमित की बाइक से टकरा गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और वह बाइक समेत गिर गए। हादसे के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल अमित को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अमित की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरवाया जा रहा है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।