गोला गोकर्णनाथ। मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी नेहा (28) की पांच दिन पहले हुई मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। उसकी मां पूनम आर्या रविवार को कोतवाली पहुंची। उन्होंने कहा कि बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने मृतका के पति समेत 10 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लखीमपुर के मोहल्ला उत्तरी हाथीपुर निवासी पूनम आर्या अपने पुत्रों के साथ कोतवाली पहुंचीं। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को बताया कि पांच साल पहले बेटी नेहा का विवाह मुन्नूगंज निवासी अश्वनी कुमार के साथ किया था। जिसमें काफी दान दहेज दिया था। शादी के कुछ माह बीतने के बाद से ही दामाद, ससुर, जेठ, देवर और नेहा की जेठानी, ननदों ने दहेज में बाइक, एलसीडी, सोने की चेन, वॉशिंग मशीन की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होते देख नेहा का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। नेहा के पति ने दूसरी शादी करने की बात कहकर जान से मारने की धमकी भी दी थी। 19 अगस्त की रात 12 बजे नेहा की योजनाबद्घ तरीके से हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।