निघासन। बेटी के घर चने की घुघुरी देकर घर वापस आ रहे बाइक सवार बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। अचानक सामने आए बछड़े को बचाने के चक्कर में बाइक फिसलने से हादसा हुआ। बाइक चला रहे युवक को भी चोटें आईं।
निघासन कोतवाली के गांव खैरहना निवासी शत्रोहन लाल यादव (60) अपने साथी सुनील कुमार मौर्य के साथ रविवार को बाइक से प्रीतमपुरवा गांव में अपनी बेटी को घुघुरी देने गए थे। शाम वापस आते समय निघासन सीएचसी के पास बाइक के सामने अचानक बछड़ा आ गया, जिससे बछड़े को बचाने की कोशिश में बाइक पलट गई। हादसे में पीछे बैठे शत्रोहन लाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। सुनील भी चोटिल हो गया। दोनों को निघासन सीएचसी लाया गया। वहां से शत्रोहन लाल को लखीमपुर रेफर कर दिया गया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में शत्रोहन लाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।