संपूर्णानगर। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात शारदापुरी बीओपी के एसएसबी जवानों ने बीती रात बोलेरो गाड़ी सहित भारी मात्रा में हार्डवेयर सामान बरामद किया है। मौके से एक नेपाली सहित तीन भारतीय युवकों को पकड़ा है। जबकि गाड़ी चालक मौका पाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
शारदापुरी 49वीं वाहिनी के प्रभारी निरीक्षक भेरजी सोड़ा ने बताया कि बीती रात भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 211/42 के निकट उन्होंने मुखबिर की सूचना पर नाका पार्टी में शामिल सरवन कुमार, बीरबल, हरी मोहन मीना, किशन पाल गुर्जर आदि जवानों को लगाया था। जिन्होंने एक बोलेरो यूपी 30 के 7914 को आते देख उसको रोका जिसमें हार्डवेयर सहित कुछ कपड़ा भरा ुआ था। गाड़ी में चार युवक भी मिले जिसमें तीन भारतीय व एक नेपाली था। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम उपेंद्र राज पंत, हसन रजा, आसिफ रजा, नूर मोहम्मद आदि बताया। जबकि गाड़ी का चालक मौका पाकर फरार हो गया जिसका नाम मनोज कुमार बताया जा रहा है। पूछताछ में सभी ने बताया कि नेपाली व्यक्ति के साथ वह नेपाल में काम करने के लिए जा रहे हैं। बरामद माल का एसएसबी ने नौ लाख 28 हजार 740 रूपए का सीजर बनाकर पलिया कस्टम के सुपुर्द कर दिया है।