ममरी। हैदराबाद थाना पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ बाइकें तमंचा, कारतूस बरामद कर चारों का चालान भेज दिया है।
एसओ धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा दतेली बाईपास मोड़ पर चलाए गए वाहन चेकिंग में बाइक चोरी का खुलासा तब हुआ जब एक ही नंबर की दो बाइकों पर सवार चार युवकों को पकड़ा गया। उनसे गहन पूछताछ की तो पता चला कि दोनों बाइकें चोरी की हैं। पकड़े गए युवकों को थाना लाकर पूछताछ की तो चोरों ने अपना नाम जितेंद्र मौर्य भवानीगंज, सुबोध वर्मा निवासी ममरी थाना हैदराबाद, छोटेलाल और बबलू निवासी पूजागांव थाना फूलबेहड़ बताया। तलाशी लेने पर जितेंद्र के पास 315 बोर तमंचा, कारतूस बरामद हुए। बताया कि चारों की निशानदेही पर चोरी की छह और बाइकें भवानीगंज से बरामद हुई हैं। यह बाइकें थाना मैलानी, भीरा, गोला और कोतवाली सदर क्षेत्र से चुराकर लाई गई थी। जिनकी रिपोर्ट संबंधित थाना में दर्ज है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह बाइकों के इंजन, पार्ट्स बदलकर उनकी बिक्री करते थे। इन बरामद बाइकों में दो गाड़ी बिना नंबर की हैं। एसओ ने बताया कि जितेंद्र के खिलाफ चोरी, लूट आदि के कई मामले थाना में दर्ज हैं जो ऑटोलिफ्टर गैंग का शातिर सदस्य है। पुलिस ने चारों आरोपियों को सीओ मोहम्मदी श्रेष्ठा ठाकुर के समक्ष पेश कर चालान भेज दिया है।