लखीमपुर खीरी। मजदूर के घर में चोरों ने नकब लगाकर माल साफ कर दिया। पुलिस ने अपना रिकॉर्ड अच्छा दिखाने के लिए चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं । जब पीड़ित ने एसपी के सामने पेश होकर पूरी बात बताई तो बमुश्किल उसकी रिपोर्ट दर्ज हो सकी। गांव कोरैयाछींट निवासी रोशनलाल ने बताया कि 27 जुलाई को वह मजदूरी करने गया था। घर पर उसकी पत्नी उर्मिला और बच्चे थे। रात में नकब लगाकर गांव का रिंकू और प्रमोद घर में घुस आए। घर में रखा सामान खंगालने लगे। आहट होने पर उसकी आंख खुल गई। शोर मचाया तो दोनों 1200 रुपये की नकदी, झुमकी, पायल आदि लेकर भाग निकले। पत्नी ने चोरों को भागते हुए पहचान लिया। वह जब सुबह घर पहुंचा तो पत्नी ने उसे घर में चोरी होने की जानकारी दी। जब उसने रामापुर पुलिस चौकी पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। दरोगा गौरव सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सेंध के साथ ही घर में जाकर कमरे में बिखरा पड़ा सामान आदि देखा। पुलिस ने कुछ देर बाद गांव के रिंकू को पकड़ लिया। उसे पुलिस चौकी लेकर भी आई, लेकिन शाम को आरोपी को छोड़ दिया। एसपी पूनम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सदर को प्रकरण की जांच करने और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। तब जाकर पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज हो सकी। प्रभारी निरीक्षक सदर फतेह सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।