लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग में गड़बड़ियों को लेकर मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत की गई है। डीएम ने मामले की जांच सीडीओ को सौंपी हैै। सात बिंदुओं पर की गई शिकायत में शिक्षकों के अटैचमेंट, एडेड विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती में धांधली, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में फर्जी बिलों से भुगतान समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इससे जांच शुरू होते ही विभागीय अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों में हड़कंप है। सीडीओ रवि रंजन ने मामले में जांच के लिए शिकायतकर्ता से अभिलेख समेत साक्ष्य संकलन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
शहर से सटे गांव राजापुर पिपरिया निवासी अनिल कुमार तिवारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत में आरोप लगाया है कि जुलाई 2017 से अब तक बीएसए ने करीब 15 फर्जी शिक्षकों को बर्खास्त किया है, लेकिन दुरभिसंधि करते हुए इनके खिलाफ एफआईआर नहीं कराई और न ही वसूली की गई। शिक्षकों के अटैचमेंट पर रोक के बावजूद कई शिक्षकों का अटैचमेंट डायट समेत अन्य स्थानों पर किया गया है। पूर्व बीएसए ने अपने पदनाम से गोपनीय ढंग से बैंक में खाता खोलकर उसमें सरकारी पैसा जमा किया, जिसके बाद ब्याज की रकम हड़पकर खाता बंद कर दिया। ब्याज की रकम का आज तक पता नहीं चला। शिकायतकर्ता ने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में फर्जी बिलों से भुगतान निकालने का आरोप लगाया है। खानपुर गुरेला के एक एडेड विद्यालय में एक शिक्षक की नियुक्ति में शैक्षिक अभिलेखों में हेरफेर किए जाने का आरोप है।
सीएम पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता से अभिलेख मांगे हैं, जिसके आधार पर जांच पूरी कर कार्रवाई की जाएगी।
रवि रंजन, सीडीओ