गौरीफंटा। एसएसबी ने भारत से तस्करी कर नेपाल ले जाया जा रहा लाखों का कपड़ा और अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही एक तस्कर को भी पकड़ा है जबकि दो तस्कर भाग गए। बरामद माल का ग्यारह लाख रुपये का सीजर बनाकर कस्टम पलिया के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी 39 वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट संजय यादव के निर्देश पर बॉर्डर पर तैनात गौरीफंटा एसएसबी के इंचार्ज जसबीर सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल कर्ण सिंह, मोनू सिंह, परमानंद राय, आनंद कुमार, दत्ता राय की टोली ने पिलर संख्या 753/1 के सामने जंगल में नाका लगाया। यहां देर रात तीन साइकिलों पर सामान लादकर तीन लोग आते दिखाई दिए। जवानों ने उनको रोकना चाहा तो दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए जबकि एक तस्कर को एसएसबी ने पकड़ लिया है। जिसने पूछताछ में अपना नाम राज राना बताया है। बरामद माल में 100 थान कपड़ा, साड़ी, पर्दा, तौलिया व तीन साइकिलें हैं। जिसकी एसएसबी ने अनुमानित कीमत 11 लाख 20 हजार रुपये आंकी है। सीजर बनाकर माल व युवक को कस्टम पलिया के सुपुर्द कर दिया है।