लखीमपुर खीरी। घर वालों से नाराज होकर आई युवती को सदर कोतवाली की यूपी 112 पुलिस को लालपुर बैरियर के पास से मिल गई है। उससे पूछताछ की तो उसने माता-पिता की मौत होने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने जब परिवार से जानकारी की तो सच्चाई का पता चला। पुलिस ने उसे सकुशल उसके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है।
एसपी पूनम ने बताया कि बुधवार को पीआरवी 2851 लालपुर बैरियर के पास खड़ी थी। शाम 08: 42 बजे कॉलर अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बेहजम बस अड्डे के पास 20 वर्षीय युवती के खड़े होने की सूचना दी। छह मिनट में पीआरवी मौके पर पहुंची। युवती से बात की तो उसने बताया अपने भाई के पास दिल्ली जा रही है। पुलिस ने उसके भाई का मोबाइल नंबर लिया तो वह स्विच ऑफ मिला। उसके घर की जानकारी की तो युवती ने बताया कि वह मितौली कस्बे की रहने वाली है। माता पिता की मृत्यु हो चुकी है। अकेले रहती हूं। दोनों भाई दिल्ली में रहकर काम करते हैं। पीआरवी पुलिसकर्मियों ने थाना मितौली की पीआरवी 3248 से संपर्क किया। लड़की के परिवार के बारे में जानकारी ली। पीआरवी ने उसके घर पहुंचकर जानकारी की तो सच्चाई सामने आ गई। लड़की के भाई ने पुलिस को बताया कि बहन किसी बात को लेकर नाराज हो कर घर से बिना किसी को कुछ बताए दोपहर करीब ढाई बजे निकली थी। उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। महिला आरक्षी रीता व महिला आरक्षी नीतू के साथ पीआरवी युवती को लेकर सदर कोतवाली लाई। बाद में कोतवाली पहुंचे भाई व उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। एसपी ने बताया कि लड़की ने अपने परिजन के बारे में झूठी जानकारी दी थी कि उसके भाई दिल्ली में रहते हैं व माता पिता की मृत्यु हो चुकी है।