संपूर्णानगर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम गांव से बाहर टहलने निकली युवती को दो युवकों ने दबोच लिया। आरोप है कि उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। उसे मृत समझकर सड़क किनारे छोड़कर भाग निकले। युवती को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री शुक्रवार की शाम टहलने के लिए गांव से बाहर निकली थी। इस दौरान बेटी को एक युवक ने रास्ते में बुलाया। थोड़ी देर बाद एक युवक और पहुंच गया। दोनों युवकों के बीच विवाद होने लगा। इस बीच दोनों ने बेटी का ही गला दबाने लगे। इससे वह बेहोश हो गई। उसे मृत समझकर रोड किनारे छोड़ कर दोनों युवक भाग गए। किसी राहगीर ने बेटी को पहचानकर सूचना दी। जिसे बेहोशी हालत में पलिया लाए, जहां से हालत खराब होने पर उसे डॉक्टर ने लखीमपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी जब हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। युवती को लेकर लोग कई तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कोई सामूहिक गैंगरेप की बात कह रहा है तो कोई मामला प्रेम प्रसंग का बता रहा है। एसओ संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पीड़ित परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामला प्रेम प्रसंग का है।