बांकेगंज। कस्बा में एनजीओ के लिए सर्वे करने के नाम पर लोगों से रुपये ठगने वाले युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। छानबीन में पता चला कि इन युवकों ने सर्वे के लिए डीएम या सीएमओ से कोई अनुमति नहीं ली थी। स्थानीय पुलिस संबंधित ठगों से पूछताछ कर रही है।
रविवार शाम सफेद रंग की नई बोलेरो में सवार छह युवक बांकेगंज कस्बा पहुंचे। सहायता मंच के नाम से संचालित एनजीओ में शामिल युवकों ने कस्बे के डॉक्टरों से पूछताछ करनी शुरू कर दी और डॉ. दिनेश से 10 हजार रुपये की मांग की, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के लिए डाटा एकत्र करने के नाम पर पैसे की मांग करने पर कुछ जागरुक लोगों को शक हुआ तो उन्होंने इस बाबत सीएमओ डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल से बात की, जिस पर सीएमओ ने बताया कि ऐसे किसी भी सर्वे के लिए उन्होंने कोई अनुमति नहीं दी है। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उनसे गहनता से पूछताछ कर रही है। उधर सीओ गोला रवींद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद इन युवकों पर अवैध रूप से धन उगाही करने की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बांकेगंज कस्बा में पहुंचे इस तरह के किसी एनजीओ ने उनके विभाग से कोई अनुमति नहीं ली है। संबधित एनजीओ के खिलाफ जांच कराई जाएगी।
- डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल, सीएमओ,खीरी