लखीमपुर खीरी। रामापुर चौकी क्षेत्र में चोरों ने बुधवार की रात एक सराफ की दुकान का शटर तोड़ दिया। चोर उसमें रखी तिजोरी को तोड़कर 10 किलोग्राम चांदी, 85 ग्राम सोना व सात हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शहर के मोहल्ला राजगढ़ निवासी अमरनाथ रस्तोगी की रामापुर गांव में सोने-चांदी की दुकान है। बुधवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चले आए। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा शटर टूटा हुआ था। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की सूचना रामापुर चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ व्यापारी जब शटर उठाकर अंदर घुसा तो देखा दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। वहां रखी तिजोरी टूटी पड़ी थी। उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी आदि सामान गायब था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और वापस लौट गई। पीड़ित सराफ ने बताया कि चोर तिजोरी में रखा करीब 85 ग्राम सोना, 10 किलोग्राम चांदी और सात हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उधर ग्रामीण ओमप्रकाश, सुंदरलाल, अयोध्या प्रसाद, जानकारी सिंह, सुरेश बाबू वर्मा आदि ने बताया कि पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर पुलिस चौकी तो है, लेकिन पुलिस कभी-कभार ही गश्त करती है। पुलिस के गश्त न करने के कारण ही चोर बेखौफ हैं। अगर पुलिस जरा सा भी सक्रिय होती तो शायद घटना न होती।
घटना की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- अजय प्रकाश मिश्र, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर