फरधान। सीएचसी फरधान में अगर आपको अपने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाना है तो आपको 550 रुपये देना पड़ेगा। जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले बाबू की मनमानी से लोग परेशान हैं। पीड़ित ने पत्र भेजकर इसकी शिकायत डीएम और सीएमओ से की है।
गांव उदयपुर निवासी विनोद सिंह ने डीएम और सीएमओ को लिखे शिकायत पत्र में कहा है कि अपनी पुत्री नैंसी (5) का सुमंगला योजना में आवेदन करने के लिए उसे जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ी। तो 27 नवंबर को वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गए। जहां बाबू अशोक कुमार ने जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए उससे 550 रुपये मांगे और रुपये न होने पर जन्म प्रमाण पत्र बनाने से मना कर दिया। विनोद ने मजबूरी में बाबू को 300 रुपये दिए और 250 रुपये बाद में लेकर आने को कहा । 29 को जब वह प्रमाण पत्र लेने पहुंचा तो उसके पास 250 रुपये की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण झल्लाए बाबू ने विनोद को धक्का देकर भगा दिया। साथ ही जन्म प्रमाण पत्र फाड़कर फेंकने का नाटक भी किया। उधर आरोपी बाबू अशोक कुमार का कहना है कि पांच साल पुराना जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने में जो खर्चा होता है विनोद से वही लिया गया क्योंकि एक साल पुराना प्रमाण पत्र ही मुफ्त में बनता है।
जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है। अगर पैसे लिए गए हैं तो गलत हुआ है। जानकारी मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अमित वाजपेयी, सीएचसी अधीक्षक, फरधान