लखीमपुर खीरी। सीतापुर हाईवे पर मिले 17 वर्षीय किशोरी के शव की चौथे दिन शिनाख्त हो गई है। शिनाख्त के बाद रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया कि किशोरी की मुंह दबाकर हत्या की कोशिश की गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र में सीतापुर हाईवे पर एक प्लॉट में 17 वर्षीय किशोरी का शव 27 नवंबर को बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने शव को मोरचरी(शवघर) में रखवा दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार वालों ने किशोरी के शव की शिनाख्त की तो पता चला कि थाना खीरी के एक गांव निवासी फेरी वाले की किशोरी 26 नवंबर को साइकिल से स्कूल परीक्षा देने गई थी जोकि हाईस्कूल की छात्रा बताई जा रही है, वह उस दिन शाम को घर वापस नहीं लौटी। परिवार वालों ने तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लगा। तीसरे दिन बाद बाहर से आकर थाने में किशोरी के पिता ने गुमशुदगी की तहरीर दी। परिवारजनों के मुताबिक उनकी बिरादरी का ही एक युवक उनकी पुत्री पर शादी करने का दबाव बना रहा था। पुत्री के मना करने पर वह रंजिश मान रहा था। परिवार वालों ने आरोपी युवक और अन्य दो लोगों पर पुत्री की दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए डॉक्टर ने स्लाइड बनाकर पुलिस को सौंपी है और पुलिस ने जांच के लिए रिपोर्ट विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधो का निकला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि की गई है। आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
अजय प्रकाश मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर