धौरहरा। खेत में लगे आम के पेड़ से 15 वर्षीय किशोरी का शव लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले शव देख कर बिलख पड़े। उन्होंने किसी पर संदेह जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 15 वर्षीय पुत्री सोमवार सुबह घर से शौच के लिए गई थी, लेकिन वह वापस घर नहीं आई। दोपहर में गांव के दक्षिण पूर्व में प्रधान के खेत में लगे आम के पेड़ से किशोरी शव ग्रामीणों ने लटका देखा तो इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। दुपट्टे से शव लटका देख उनमें चीखपुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किशोरी के दोनों पैरों के पंजे जमीन पर लगे थे। परिजन ने कोई संदेह जाहिर नहीं किया है। हालांकि पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। कफारा चौकी इंचार्ज लालबहादुर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत होती है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मां से कहासुनी के बाद दी जान
धौरहरा। गांव वालों के मुताबिक किशोरी की बड़ी बहन गांव में ही ब्याही थी, जिसकी बीमारी के चलते एक वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। तभी से किशोरी जीजा के घर मां के साथ रहती थी। सूत्रों का कहना है कि मां बेटी की शादी दामाद से करने की बात करने लगीं। किशोरी और उसकी मां के बीच कहासुनी हो गई। जिसपर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।