गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली पुलिस ने नगर के मोहल्ला नीची भूड़ में एक मकान से 173 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ मोहल्ले के ही चार लोगों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।
सोमवार सुबह चार बजे प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहल्ला नीची भूड़ के एक मकान में दबिश दी। अजीज पुत्र रहिमुल्ला, जावेद पुत्र रमजानी, जावेद पुत्र किरमानी, बबलू पुत्र रमजानी को 173 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाइक कब्जे में ली है। पुलिस ने मांस को परीक्षण के लिए भेजकर अवशेष को नष्ट करा दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेज दिया गया है।
तो नगर में भी हो रहा प्रतिबंधित मांस का कारोबार
प्रतिबंधित मांस एवं गोवंश की तस्करी एवं हत्या के लिए क्षेत्र के गांव भुड़वारा, कुकरा पहले से ही कुख्यात है। जहां पुलिस पहले से ही अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। नगर में प्रतिबंधित मांस के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस भले ही इसे कामयाबी मान रही हो लेकिन स्पष्ट हो गया है कि नगर में भी प्रतिबंधित मांस का कारोबार फल फूल रहा है।