लखीमपुर खीरी। निजी अस्पताल में बतौर सहायक चिकित्सक काम कर रहे युवक ने अस्पताल की स्टाफ नर्स को शादी का झांसा दिया और उससे शारीरिक संबंध बना लिए। इस बीच वह गर्भवती हुई तो युवक ने झांसा देकर गर्भपात करा दिया। अब युवक शादी करने से मुकर गया। पुलिस ने युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर की 28 वर्षीय महिला शहर के ही एक निजी अस्पताल में वर्ष 2017 में स्टाफ नर्स थी। वहीं अनुज वर्मा नाम का युवक बतौर सहायक चिकित्सक काम करता था। स्टाफ नर्स और उसके पति के बीच तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन हैं। इससे वह परेशान रहती थी। स्टाफ नर्स के मुताबिक अनुज ने उसके पति से तलाक होने पर शादी करने का झांसा दिया। धीरे-धीरे अनुज ने काफी निकटता बना ली। वह भी उसके विश्वास में आ गई। विश्वास का फायदा उठाते हुए अनुज शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसी बीच वह गर्भवती हुई तो उसने इसकी जानकारी अनुज को दी। अनुज ने शादी के पहले संतान होने पर आपत्ति जताई और झांसा देकर गर्भपात करा दिया। उसने जब शादी का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा। वह जब उसके मां-बाप से मिली और पूरी बात बताई तो वह भी बोले जहां दहेज मिलेगा। वहीं से शादी करेंगे। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी व उसके माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।