फरधान। सड़क किनारे खड़े होकर लघुशंका कर रहे ग्रामीण पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिससे वह उसके नीचे दब गया। राहगीरों ने आनन-फानन में उसे गन्ना हटाकर बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
थाना मैलानी के गांव रायपुर निवासी रामस्वरूप (50) की पुत्री प्रियंका गांव बैलिहा तारन में ब्याही है। रामस्वरूप बुधवार की शाम को बाइक से बेटी के घर जा रहे थे। बाइक उनका भतीजा रामकिशोर चला रहा था। थाना फरधान क्षेत्र में गांव आधारपुर के पास रामस्वरूप ने बाइक रुकवाई और सड़क किनारे खड़े होकर लघुशंका करने लगा। इसी बीच फरधान की ओर से आ रही गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे वह उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। राहगीर और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने ग्रामीणों की मदद से गन्ना आदि हटाकर उन्हें बमुश्किल बाहर निकाला। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल रामस्वरूप को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा, जहां उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।