मितौली(लखीमपुर खीरी)। बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार सीतापुर के हरगांव निवासी दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
हादसा सोमवार की शाम करीब सात बजे कस्ता-ममरी मार्ग पर गांव डहर के पास हुआ। शाहजहांपुर की ओर से सीतापुर की ओर जा रही बोलेरो के चालक ने बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान उसका नियंत्रण स्टियरिंग से हट गया। पलक झपकते बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। जिसमें कार सवार सीतापुर जिले के थाना हरगांव के काजी टोला निवासी भुट्टू (35) और मुन्ना (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मजीद (50), साहिल (28) और सामून (35) घायल हो गए। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। बड़ी संख्या में राहगीर और आसपास के ग्रामीण जुट गए। सूचना पर पहुंचे एसओ अनिल कुमार सैनी ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को मितौली सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। एसओ ने बताया मृतकों के परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।