लखीमपुर खीरी। गांव गुलहापुर निवासी रामनरेश हत्याकांड में पुलिस ने तीन संदिग्धों को दबोचा है। पुलिस जिनसे पूछताछ कर रही है। सूत्रों की माने तो हत्या में पांच लोग शामिल थे। घटना में कार भी प्रयुक्त हुई है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने कार से शव को ठिकाने लगाया होगा। पुलिस इस मामले का बृहस्पतिवार को खुलासा कर सकती है।
सदर कोतवाली के गांव गुलहापुर निवासी रामनरेश वर्मा 19 अक्तूबर की सुबह करीब 10 बजे घर से गांव चौरठिया खेत जाने की बात कहकर निकले थे। उनकी बाइक पर बेटी अनुप्रिया वर्मा और गांव का ही सुबराती भी था। वह बेटी को युवराजदत्त महाविद्यालय छोड़कर चले गए। उसके बाद से रामनरेश कोई पता नहीं चला। 20 अक्तूबर को उनकी बाइक उल्ल नदी में मिली थी। इससे उनकी हत्या होने का शक गहरा गया। दो दिन पहले सोमवार को तलाश के दौरान ग्रामीणों ने एक बाग मे उल्टी कब्र देखी तो शक होने पर उसे खोदा, जिसमें रामनिवास का शव बरामद हुआ था। सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
पुलिस ने जब हत्याकांड की गहराई से जांच शुरू की तो तीन लोग संदेह के घेरे में आए। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इससे पता चला कि हत्या में पांच लोग शामिल थे। घटना में एक कार भी इस्तेमाल की गई। आशंका है कि हत्यारों ने रामनरेश के शव को इसी कार से लाकर ठिकाने लगाया होगा। शक के दायरे में आया सुबराती अब भी पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में है। इंस्पेक्टर सदर अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तीन संदिग्धों से कुछ जानकारी मिली है। चारों से अभी पूछताछ की जा रही है।