लखीमपुर खीरी। जिले के नोडल अफसर अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसके माथुर ने माना कि अन्य जिलों की अपेक्षा लखीमपुर खीरी जिले में महिला अपराध मामूली बढ़ा है। इसे रोकने के लिए जरूरी उपाय किए जाएंगे। पुलिस की छवि और व्यवहार को सुधारने पर शासन का जोर है। इसके लिए शीघ्र ही कार्यशाला आदि आयोजित होगी।
नोडल पुलिस अधिकारी एडीजी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर लखीमपुर पहुंचे थे। बुधवार को उन्होंने जिला कारागार, थाना पसगवां का निरीक्षण किया। पसगवां में ग्रामीणों से पुलिस के व्यवहार और छवि को लेकर फीडबैक ली। शाम करीब साढ़े छह बजे वे पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से मुखातिब हुए। एडीजी ने कहा कि दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्हें पुलिस लाइंस आदि का निरीक्षण किया। अपराध और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। जिसमें अन्य जिलों की अपेक्षा लखीमपुर खीरी में मामूली रूप से महिला अपराध बढ़े हैं। अन्य अपराधों का ग्राफ काफी कम है। महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस जरूरी कदम उठाएगी। एक सवाल के जवाब में एडीजी ने कहा कि सीमा पर रहने वाले लोगों का वेरिफिकेशन कराया जाएगा। बॉर्डर पर चेकिंग होती है, लेकिन प्रभावी नहीं। इसे और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो दिन के निरीक्षण में पुलिस लाइन में बैरकों की कमी, पानी की दिक्कत सहित कुछ समस्याएं सामने आई हैं, जिन्हे शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा। वह निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को सौंपेगे।