सिकंद्राबाद। सरसों का तेल निकलवाकर घर लौट रहे दो युवकों को थाना नीमगांव क्षेत्र में असलहों से लैस तीन बदमाशों ने रोककर उनकी बाइक और नकदी लूट ली। बाद में बदमाश दोनों को बांधकर सड़क किनारे डालकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रामखेड़ा निवासी गिरीश मिश्रा सरसों का तेल निकलवाने गड़रिया चौराहा पर गए थे। शाम करीब सात बजे वह तेल निकलवाकर घर जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही देवेंद्र तिवारी भी थे। रामखेड़ा-ढखिया मार्ग पर मुनेश के खेत के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक ओवरटेक कर रोक ली। असलहों के बल पर दोनों को कब्जे में लेकर हाथ-पैर बांध दिए और सड़क किनारे डाल दिया। बदमाश दोनों के पास से तीन सौ रुपये और बाइक लूटकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद दोनों युवकों ने शोर मचाया तो राहगीर मौके पर पहुंचे और उन्हें बंधन मुक्त किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
पुलिस फोर्स मौके पर भेजा गया है। मैं भी क्राइम मीटिंग से लौटकर सीधे घटना स्थल पर जा रहा हूं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- राजकुमार प्रभारी निरीक्षक थाना नीमगांव