मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सहदेवा के पास मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर मेला देखकर लौट रहे बाइक सवार युवकों को वाहन ने रौंद दिया। इससे एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे।
शनिवार रात मोहम्मदी के रामलीला मेले में संगीत सम्मेलन देखकर ग्राम सहजना थाना पसगवां निवासी बृजेश 35 और लालाराम एक बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। सहदेवा गांव के पास रात दो बजे सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे लालाराम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी घटनास्थल पर पहुंचे और सरकारी वाहन से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं लालाराम की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक बृजेश दो भाई थे एक भाई की एक वर्ष पूर्व दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी। अब बृजेश की मृत्यु से बूढ़े मां बाप की लाठी का सहारा भी छिन जाने पर पिता दौलतराम, पत्नी रामबेटी, पुत्र बंधु, अनिकेत, अभिनव का रो- रोकर बुरा हाल है।
उधर, मोहम्मदी बरवर रोड पर ग्राम पाल अभय कचनार के पास मेला देख कर बाइक से घर जाते समय किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर पीछे बैठी 11 वर्षीय बालिका देवकी जख्मी हो गई। जिसे नपाप की एंबुलेंस से समाज सेवी शिवम राठौर ने मोहम्मदी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देख कर लखनऊ रेफर कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।