ममरी। बहराइच जिले के नानपारा निवासी दो सब्जी व्यापारियों को इनोवा सवार बदमाशों ने हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव कैमहरा के पास ओवरटेक करके उनकी कार रोक ली और 10 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों व्यापारियों को बदमाशों ने सुनसान स्थान पर ले जाकर डाल दिया। सूचना पर पहुंची हैदराबाद थाना पुलिस ने दोनों व्यापारियों को भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने बहराइच जिले की सीमा में ही वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस को उलझाने के लिए व्यापारियों को लखीमपुर जिले की सीमा पर फेंककर भाग गए।
एसओ धर्मदास सिद्धार्थ के अनुसार सोमवार को कैमहरा गांव के पास सुनसान स्थान पर पड़े मिले बहराइज जिले के नानपारा निवासी बलीम और रहमान ने बताया की वे दोनों सब्जी का व्यापार करते हैं। सोमवार को वह अपनी कार से 10 लाख रुपये बैंक शाखा में जमा करने जा रहे थे, इसी बीच इनोवा सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर तमंचा के बल पर रोक लिया और दोनों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। बताया कि बदमाशों ने खुद को खुफिया पुलिस बताकर कुछ दूर ले जाने के बाद रुपयों से भरा बैग और मोबाइल ले लिए। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। कई घंटे गाड़ी इधर-उधर घुमाने के बाद दोनों लोगों को सुनसान स्थान पर ले जाकर डाल दिया गाड़ी लेकर भाग गए। एसओ ने बताया कि गांव वालों की सूचना पर सिकंद्राबाद चौकी और हैदराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लूट के शिकार दोनों व्यापारियों को सकुशल पुलिस अभिरक्षा में नानपारा (बहराइच) भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इनोवा सवार बदमाशों ने वारदात को बहराइच जिले की सीमा में अंजाम दिया। पुलिस को उलझाने के लिए बदाश दोनों व्यापारियों को लखीमपुर जिले की सीमा पर छोड़कर भाग गए।