ट्रैक्टर से बांध कर गौवंश को घसीटता युवक - स्रोत सोशल मीडिया
ईसानगर। थाना क्षेत्र में एक सोमवार को वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में ट्रैैक्टर चालक एक गाेवंश की सींग में रस्सी बांधकर घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने दोपहर बाद आरोपी की पहचान कर ली। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो ईसानगर के ग्राम मूडी का बताया जा रहा है। वीडियो में ग्रामीण गोवंश के साथ बर्बरता करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तमाम हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया। कोई बड़ी अनहोनी न हो इसको लेकर ईसानगर पुलिस अलर्ट हो गई। आनन-फानन पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कराई।
घंटों चली मशक्कत के बाद आखिरकार आरोपी की पहचान रज्जन खां के रूप में हुई। वीडियो में रज्जन अपने पिता के साथ दिखाई दे रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक ईसानगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।