लखीमपुर खीरी। जब वादी मुकदमा ने थाने में दर्ज कराई गई अपनी रिपोर्ट से पलटते हुए आरोपी अभियुक्त को बचाने का प्रयास किया तो वह खुद ही कटघरे में आ गया। जिला जज लक्ष्मीकांत शुक्ला ने इस संबंध में नोटिस जारी करते हुए वादी मुकदमा से स्थितियां स्पष्ट करने को कहा है।
डीजीसी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि भीरा थाना क्षेत्र में इसी वर्ष हुई हत्या के मामले में लालू टांडा निवासी रूप सिंह ने भीरा पुलिस में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद चार्जशीट अदालत भेज दी, तो अदालत की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को रूप सिंह जिला जज अदालत में हाजिर तो हुआ। मगर, पुलिस को दिए गए अपने पूर्व बयानों और थाने पर दी गई तहरीर से पलटते हुए आरोपी को निर्दोष बताने लगा।
इस पर डीजीसी अरविंद त्रिपाठी की आपत्ति के बाद जिला जज ने संज्ञान लिया है। आरोपी के खिलाफ 344 सीआरपीसी और 194 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण तलब करते हुए 15 सितंबर को सफाई पेश करने का आदेश दिया है। अदालती रुख के चर्चे दिनभर कचहरी में चलते रहे।