लखीमपुर खीरी। जिले के प्रशासनिक न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने सिविल कोर्ट में बनकर तैयार हुई पिंक बिल्डिंग ज्यूडिशियल कांप्लेक्स और वकीलों के लिए बने अधिवक्ताओं के नवनिर्मित चैंबर्स का लोकार्पण किया।
शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति अजीत कुमार लखीमपुर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विनय सिंह और महामंत्री मनोज जयसवाल के साथ बैठक करते हुए हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने जिला जज लक्ष्मीकांत शुक्ला, एडीजे सुनील वर्मा, रामेंद्र कुमार की मौजूदगी में नवनिर्मित अधिवक्ता चेंबर का लोकार्पण किया।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ता विद्यार्थी रहता है इसलिए न्यायिक अधिकारी भी उनसे काफी कुछ सीखते हैं। बार और बेंच के समन्वय से ही सार्थक परिणाम आ सकते हैं। इस दौरान कुछ वकीलों ने चैंबर्स आवंटन को लेकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समुचित निस्तारण के लिए जिला जज स्तर पर समाधान के निर्देश दिए गए।
इसके बाद ज्युडिशियल कांप्लेक्स की पिंक बिल्डिंग का औपचारिक उद्घाटन किया और नए न्याय कक्ष देखे। इस दौरान एडीजे सुभाष सिंह, अनिल कुमार, प्रतिभा नारायण, राहुल सिंह प्रथम, सीजेएम अशोक कुमार एसीजेएम अविनाश गौतम, सिविल जज नितिन कुमार एसीजेएम, छवि कुमारी, कर्णिका अवध के साथ ही अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरोज श्रीवास्तव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कुमार राज, कोषाध्यक्ष प्रमोद पटेल, संयुक्त मंत्री सुखबीर सिंह, गौरव बाजपेई अजय शुक्ल, सहित सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
---
परिवार न्यायालय सहित कई अदालतें शिफ्ट हुईं
नई बिल्डिंग में परिवार न्यायालय और अपर प्रधान न्यायाधीश कोर्ट नंबर 1 संध्या चौधरी, कोर्ट नंबर 3 पूजा विश्वकर्मा के साथ ही अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट के कई अदालती कक्ष स्थानांतरित किए गए।
---
कामकाज पर मिली शाबाशी
परिवार न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश रेखा अग्निहोत्री और मोटर वाहन दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन लोकेश राय से भी प्रशासनिक न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने मुलाकात कर न्यायिक अधिकरण के संबंध में बातचीत की और दोनों अधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर प्रसन्नता जाहिर की। साथ ही उन्होंने जिला जज को निर्देशित किया कि न्याय करना न्यायिक अधिकारी का कार्य करना ही नहीं वास्तव में समाज को न्याय दिखना भी चाहिए। इसे ध्यान में रखकर न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य संस्कृति बनानी होगी। संवाद