ओयल। तंबाकू मुक्त अभियान के तहत जिला अस्पताल में जांच के दौरान एक महिला ने पति का चालान काटे जाने को लेकर खूब हंगामा किया। दंपती ने टोबैको कंट्रोल टीम से अभद्रता कर हाथापाई का प्रयास किया। पति को फंसता देख पत्नी ने टीम पर कई गंभीर आरोप लगाए।
जिला अस्पताल में पान मसाला, सिगरेट-बीड़ी, तंबाकू आदि का सेवन करने वालों पर नकेल कसने केे लिए बृहस्पतिवार से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम ने मेडिकल वार्ड में जनपद सीतापुर के थाना हरगांव क्षेत्र निवासी समोइल खान पुत्र मोबिन खान को पान मसाला खाते पकड़ लिया और उनका 200 रुपये का चालान काट दिया। इससे नाराज होकर वह टीम के सदस्य से गालीगलौज और हाथापाई करने लगा।
सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर कार्रवाई की बात कही। पति को फंसता देख पत्नी सुरक्षाकर्मी पर झपट पड़ी। टीम पर गंभीर आरोप मढ़ने लगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके कोली ने बताया कि टोबैको टीम के साथ दंपती के अभद्रता का प्रकरण सामने आया है। अस्पताल में एक भी महिला सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक खीरी को पत्र लिखकर प्रकरण की शिकायत और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग की है।