संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। इंतजार खत्म। ईवीएम में बंद नतीजे बाहर आने की घड़ी आ गई है। खीरी और धौरहरा लोकसभा सीट से सांसद कौन होगा, इसका फैसला मंगलवार दोपहर तक हो जाएगा। सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले खीरी सीट का परिणाम आएगा। पहला राउंड अधिकतम 54 मिनट का होगा। राजापुर मंडी समिति परिसर में मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14-14 टेबल लगाई गई हैं।
खीरी और धौरहरा लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान हुआ था। 2890 बूथों पर वोट डाले गए। खीरी लोकसभा सीट पर कुल 18.62 लाख मतदाताओं में से 64.73 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। धौरहरा लोकसभा सीट पर 64.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया।
मंगलवार को ईवीएम बाहर निकाली जाएंगी और सुबह आठ बजे से मतगणना की जाएगी। दोपहर तक परिणाम आने की संभावना है। इसी के साथ खीरी और धौरहरा सांसद के नाम भी घोषणा भी हो जाएगी।
14 राउंड में होगी गणना, सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती
मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पंडाल में 14-14 टेबल लगाई गई हैं। एक एआरओ की टेबल भी रहेगी। प्रत्येक सात टेबल पर एक प्रभारी रहेगा। पोस्टल बैलेट की गिनती इन्हीं टेबल पर होगी। मतगणना की शुरूआत भी पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ होगी। मतगणना 14 राउंड में पूरी की जाएगी। पहला राउंड अधिकतम 54 मिनट का होगा।
महोली और हरगांव विस क्षेत्रों के मतों की गिनती सीतापुर में होगी
मंडी समिति परिसर में खीरी के पांच और धौरहरा लोकसभा सीट के तीन विधानसभा क्षेत्रों में पड़े मतों की गिनती की जाएगी। धौरहरा सीट में शामिल महोली और हरगांव विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती सीतापुर में होगी। मतगणना के बाद सीतापुर प्रशासन जिले को परिणाम मुहैया कराएगा। जबकि, खीरी लोकसभा सीट के मतों की गिनती मंडी समिति परिसर में ही होगी। इस तरह से खीरी लोकसभा सीट का परिणाम पहले आने की बात कही जा रही है।
मोबाइल पर प्रतिबंध, नोटबुक-पेन ले जा सकेंगे एजेंट
विधानसभा वार बने पंडाल में मोबाइल ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशी, उनके एजेंट, पुलिसकर्मी और कर्मचारी कोई भी मोबाइल नहीं ले जाएगा। एजेंट, नोटबुक और पेन ले जा सकता है। कोई मतगणना अभिकर्ता/निर्वाचन अभिकर्ता/प्रत्याशी मतगणना केंद्र पर मोबाइल, स्पाई पेन, कैमरा या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ले जा सकेंगे। ज्वलनशील पदार्थ/वस्तु, लाइटर, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, पान-मसाला, पान, पानी की बोतल भी नहीं ले जा सकेंगे।
608 कार्मिक करेंगे मतों की गिनती
मतगणना की चार सदस्यीय टीम में 01-01 माइक्रो ऑब्जर्वर, गणना सुपरवाइजर, गणना सहायक और चतुर्थ श्रेणी कार्मिक होंगे। सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम के मतों की गिनती 608 कार्मिक करेंगे। पोस्टल बैलेट की गिनती खीरी लोकसभा सीट में आठ और धौरहरा लोकसभा सीट में छह टेबल पर होगी। पोस्टल बैलेट की गणना में 22 टीमें रहेंगी।