28 को तैयार होना है रिजल्ट, 30 मार्च को होगा वितरण
परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा निपटते ही मूल्यांकन शुरू हो गया है। इसमें कक्षा आठ की कापियां बीआरसी पर जांची जा रहीं हैं तो वहीं कक्षा पांच की कापियों की जांच एनपीआरसी पर की जा रही है। शेष सभी कक्षाओं की कापियों की जांच विद्यालयों में होगी। निर्देश हैं कि हर हाल में रिजल्ट 28 मार्च को तैयार हो जाना चाहिए। जिसका वितरण 30 मार्च को किया जाएगा।
परिषदीय विद्यालयों में 14 मार्च से वार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत हुई थी। ये परीक्षाएं 21 मार्च तक चलीं थी। परीक्षा समाप्ति के अगले ही दिन मंगलवार से कापियों को जांचने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यहां बीआरसी पर करीब 50 शिक्षकों को लगाया गया है जो कक्षा आठ के परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं को जांच रहे हैं। इसके अलावा एनपीआरसी पर कक्षा पांच के परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच चल रही है। जबकि कक्षा एक से लेकर चार और छह, सात के बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में जांच रहे हैं। बताना लाजिमी है कि इन उत्तर पुस्तिकाओं को इसलिए युद्ध स्तर पर जांचा जा रहा है क्योंकि सभी को इनके रिजल्ट 28 मार्च को सौंपने हैं और फिर इसका वितरण 30 मार्च को किया जाना है। खंड शिक्षाधिकारी भरत कुमार वर्मा कहते हैं कि रिजल्ट 28 मार्च को आने हैं और इनका वितरण 30 मार्च को हर हाल में होना है। इसलिए कार्य को युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है।
इस बार समारोह के साथ वितरित होंगे रिजल्ट
पहली बार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों का रिजल्ट वितरण समारोह के साथ होगा। ऐसा अब तक अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में हुआ करता था। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि इस बार सभी विद्यालयों में समारोह होंगे और बच्चों को दूध के साथ हलवा भी खिलाया जाएगा।
ब्लाक स्तर पर होगा मेधावियों का चयन
इस बार शिक्षा महकमा मेधावियों का भी चयन करेगा। इसमें ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों से उच्च अंक प्राप्त करने वाले बालक बालिका, उच्च प्राथमिक से बालक बालिका का चयनित कर उनको सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उनको जिले पर भी सम्मानित करने की योजना है।