लखीमपुर खीरी-मोहम्मदी। लखनऊ से मंगलवार को आई 192 की जांच रिपोर्ट में मोहम्मदी के मोहल्ला सरैंया निवासी एक प्रवासी मजदूर कोराना पॉजिटिव मिलने पर हड़कंप मच गया। प्रशासन ने होम क्वारंटीन मजदूर को नकहा स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया और मोहल्ला को कंटेन्मेंट जोन घोषित करते हुए बैरिकेडिंग लगवा दी गई। अब जिले में 13 कंटेन्मेंट जोन हो गए हैं। इधर, कोविड अस्पताल नकहा में भर्ती सात पॉजिटिव लोगों की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है। जिले में कुल 85 पॉजिटिव केस में 74 लोग स्वस्थ होने पर घर भेज दिए गए। वर्तमान में 11 एक्टिव पॉजिटिव केस रह गए हैं।
मोहल्ला सरैंया निवासी प्रवासी मजदूर कुछ लोगों के साथ बीते दिनों मुंबई से आया था। स्वास्थ्य विभाग ने प्रारंभिक जांच के बाद प्रवासी को होम क्वारंटीन कर दिया था। ऐहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने युवक का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा था। मंगलवार को जांच रिपोर्ट में प्रवासी युवक के पॉजिटिव होने की सूचना से जिले से लेकर तहसील प्रशासन में अफरा-तफरा मच गई। तहसीलदार विकास धर दुबे, डॉ. धर्मेंद्र वर्मा, कस्बा इंचार्ज जगपाल, लेखपाल दीपक वर्मा आदि लोगों ने प्रवासी युवक को इलाज के लिए नकहा क्षेत्र में स्थित कोविद अस्पताल भेजवाकर उसके घर से 250 मीटर की परिधि का एरिया पूरी तरह से सीज कर दिया है। मोहल्ले के लोगों की माने तो युवक तमाम लोगों के संपर्क में आया है। इससे लोगों में दहशत है।
संक्रमित युवक के घर के आसपास 250 मीटर परिधि का एरिया सीज कर दिया गया है। आवश्यक वस्तुएं, जिसमें किराना, दूध, सब्जी की होम डिलीवरी होगी। इसके लिए दुकानदारों के नंबर सार्वजनिक किए जाएंगे। किसी को घर से निकलने की अनुमति नहीं होगी। स्वास्थ्य टीम लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग कराई जाएगी। - विकासधर दुबे, तहसीलदार
एक और कंटेन्मेंट जोन समाप्त किया
सदर तहसील के विकासखंड फूलबेहड़ के पिपरांवा में बनाए गए कंटेन्मेंट जोन को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कंटेन्मेंट जोन में अंतिम केस मिलने के 21 दिन बाद समाप्त किया जा सकता है। जिले में 13 कंटेन्मेंट जोन रह गए हैं।