लखीमपुर खीरी। कोरोना से जंग में लॉकडाउन से बेरोजगार हुए लोगों को सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं से एक-एक हजार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। पहले माह यानी अप्रैल में जनपद के कुल 32,284 लोगों को एक-एक हजार रुपये दिए गए हैं। जबकि करीब नौ हजार पंजीकृत श्रमिकों को लाभ नहीं दिया जा सका है, जिसका कारण विभाग के पास उनका बैंक खाता नंबर का उपलब्ध न होना बताया जा रहा है।
जनपद में श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की संख्या करीब 30 हजार हैं, जिन्हें सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से आपदा राहत सहायता योजना के तहत एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन माह तक दी जानी है। अब तक 19,985 पंजीकृत श्रमिक ही आर्थिक सहायता के तौर पर एक हजार रुपये प्राप्त कर सके हैं। शेष करीब नौ हजार श्रमिकों को अभी तक पहली किस्त नहीं मिल पाई है। सहायक श्रमायुक्त अखलाक अहमद ने बताया कि करीब नौ हजार श्रमिकों का बैंक खाता नंबर निर्माण श्रमिक पंजीयन पोर्टल पर उपलब्ध न होने से उन्हें पैसा भेजा नहीं जा सका है। ऐसे लोगों से अपील है कि वह अपने एंड्रायड फोन में उप्र बीओसीडब्ल्यू बोर्ड द्वारा लांच की गई एप को डाउनलोड करके पंजीकृत मोबाइल नंबर से पंजीयन पोर्टल पर अपडेट करें, जिससे उनके खाते में एक-एक हजार की धनराशि भेजी जा सके। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्रों में रेहड़ी-खोमचे वाले 9167 दिहाड़ी कामगारों को एक-एक हजार की आर्थिक सहायता दी गई है, जबकि कोई सरकारी योजना का लाभ न पाने वाले निराश्रित 3159 परिवारों को एक-एक हजार की धनराशि दी गई है।