लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों के ग्राफ में अभी कोई खास गिरावट नहीं आई है, क्योंकि शनिवार को भी 467 नए कोरोना संक्रमित मिले। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक लैब से कुल 960 रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 298 पॉजिटिव व 662 निगेटिव हैं। वहीं अन्य लैब व एंटीजन से 169 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई।
ब्लॉक लखीमपुर क्षेत्र में 191, ब्लॉक नकहा में नौ, ब्लॉक फूलबेहड़ में 25, ब्लॉक ईसानगर में 89, ब्लॉक धौराहरा में एक, ब्लॉक निघासन में तीन, ब्लॉक रमियाबेहड़ में आठ, ब्लॉक बांकेगंज में 19, ब्लॉक पसगवां में 12, ब्लॉक मितौली में एक, ब्लॉक कुम्भी में 10, ब्लॉक पलिया में 34, ब्लॉक बिजुआ में सात, ब्लॉक बेहजम में 23, ब्लॉक मोहम्मदी में 35 संक्रमित मिले हैं।
-
अब तक मिले कुल केस 17441
अब तक ठीक हुए मरीज 13117
वर्तमान में सक्रिय मरीज 4199
अब तक हुई मृत्यु 125
-
पलिया में एक की मौत, 36 संक्रमित मिले
पलियाकलां। शनिवार को पलिया इलाके में 36 कोरोना संक्रमित मिले। उधर शहर के मोहल्ला बरबंडा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि ऑक्सीजन न मिलने से उसकी जान गई।
पलिया शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब संक्रमण बढ़ रहा है। पलिया में शनिवार को 36 संक्रमित मिले। उधर शहर के मोहल्ला बरबंडा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि ऑक्सीजन न मिलने से उसकी जान गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 14 दिनों में 328 पॉजीटिव केस मिले हैं, जिसमें 157 लोग अब भी होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 161 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। छह मरीज जगसड़ अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि, कोरोना संक्रमित चार मरीजों की मौत हो चुकी है। संवाद
-
पसगवां में कोरोना संक्रमित महिला की मौत
पसगवां। कोरोना संक्रमण के कारण ग्राम मुल्लापुर निवासी एक 60 वर्षीय महिला की शनिवार सुबह तीन बजे कोविड अस्पताल शाहजहांपुर में मौत हो गई। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ प्रदीप कुमार सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि उन्होंने महिला का एक्सरे कराया था वह संक्रमण से पीड़ित थीं। उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। संवाद
-
सिकन्द्राबाद में रिटायर्ड दरोगा समेत दो की मौत
सिकन्द्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र मे ऑक्सीजन लेवल घटने से रिटायर्ड दरोगा समेत दो लोगों की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ग्राम घुंसी निवासी रिटायर्ड दरोगा राम आसरे (63) को दो दिन पहले सांस लेने मे दिक्कत हुई थी। उनके पुत्र रंजीत ने बताया कि शनिवार को इलाज के दौरान उनके पिता की मौत हो गई। राम आसरे की पत्नी सुदामा देवी प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। वहीं जमौहरा निवासी विनीत शुक्ला (30) को भी सांस लेने मे दिक्कत हुई और रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी। जबकि, इससे पहले तीन लोगों की सांस की परेशानी से मौत हो चुकी है। संवाद