लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों के बढ़ते आंकड़ों के साथ ही होम आइसोलेट मरीजों तक दवा किट नहीं पहुंचने की शिकायतें आपदा काल सेंटर 1070 पर पहुंचने के बाद शासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। संक्रमित मरीजों को होम किट बांटने के लिए क्षेत्र को जोन में बांटकर कर वाहन लगाने के निर्देश दिए हैं, जिन पर सरकारी कर्मचारी जैसे आंगनबाड़ी वर्कर आदि की ड्यूटी लगाई जाएगी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सभी ब्लॉकों के बीडीओ और नगर निकायों में अधिशाषी अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित कर दिया है।
जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 4442 तक पहुंच गई है, जिसमें ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन में हैं। इन मरीजों तक आवश्यक दवाएं व होम किट नहीं पहुंच रही हैं, जिसकी शिकायतें आपदा काल सेंटर 1070 पर की जा रही हैं। इस पर शासन ने कड़ा रूख अपनाते हुए तत्काल मरीजों तक होम किट व दवाएं बांटने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने होम किट का वितरण कराने के लिए सभी ब्लॉकों के बीडीओ को नोडल अधिकारी नामित कर दिया है, जो अपने क्षेत्र में होम आइसोलेट मरीजों तक दवाएं पहुंचाएंगे। ऐसे ही नगर क्षेत्रों में नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारी चिकित्सा विभाग से समन्वय कर मरीजों को दवाइयों की होम किट बंटवाएंगे। डीएम ने प्रतिदिन वितरित किए जाने वाले होम किट की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद