लखीमपुर खीरी। कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए संदिग्धों के सैंपल लखनऊ भेजे जा रहे हैं, जहां से रिपोर्ट समय पर प्राप्त नहीं हो पा रही हैं। इससे कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने की आशंका बनी हुई है, क्योंकि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वालों के भी संक्रमित होने का खतरा रहता है। इसकी पुष्टि भी हाल में आई रिपोर्ट के बाद हो चुकी है। अब तक कुल 14,755 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 12615 सैंपल की रिपोर्ट अब तक प्राप्त हुई है। 2140 रिपोर्ट लखनऊ की लैब में पेंडिंग हैं।
लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने में देरी का मामला काफी समय से चला आ रहा है, जिसमें कई बार लखनऊ के संक्रमितों की रिपोर्ट भी यहां भेज दी गई। ऐसे तीन मामले पकड़े जाने के बाद प्रशासन भी काफी सतर्क हो गया है। सूत्रों का कहना है कि अन्य जनपदों की भी काफी रिपोर्ट लैब में पेंडिंग हैं। इसलिए लखीमपुर की रिपोर्ट मिलने में भी देरी हो रही है। हालांकि जिला अस्पताल में ट्रूनाट मशीन से तुरंत कोरोना जांच की जा रही है, लेकिन इसके परिणामों की शुद्धता को लेकर संशय भी बना रहता है। इसलिए लैब की रिपोर्ट को ही मान्यता दी गई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से शनिवार को 241 सैंपल भेजे गए। अब तक कुल हुए 14755 सैंपल भेजे जा चुके हैं, जिसमें 12,615 की रिपोर्ट आ चुकी हैं। 2140 रिपोर्ट अब भी लैब में पेंडिंग हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को होम क्वारंटीन किया गया हैं।