लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच महिला अस्पताल में जिस तरह की लापरवाही हो रही है उससे गर्भवती महिलाओं पर संक्रमण का संकट मंडरा रहा है। न तो जिला अस्पताल की तरह मरीजों की वीडियो रिकार्डिंग हो रही है और न ही उनके हाथ सैनिटाइज कराए जा रहे। महिला अस्पताल के पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी और अल्ट्रासाउंड कक्ष के सामने सामाजिक दूरी के नियम भी तार तार हैं। ऐसे में अस्पताल आने वाली महिलाओं के साथ गर्भवती महिलाओं पर संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।
इधर, महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर न तो अस्पताल प्रशासन गंभीर है और न ही जिले के आला अफसर। ऐसा नहीं है कि इस तरह की भीड़ सिर्फ इन जगहों पर ही हो रही है। ऐसी स्थिति प्रसव कक्ष से लेकर जननी सुरक्षा योजना कक्ष के सामने और पैथॉलोजी में भी है। ऐसे में यदि कोई महिला संक्रमित हुई तो अस्पताल प्रशासन के लिए मुसीबत तो खड़ी होगी ही, गर्भवती और नवजात की जान पर बन आएगी।
सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए सुरक्षा गार्ड लगा रखे हैं। इसके बावजूद यदि ऐसा हो रहा है तो यह चिंताजनक है। सुरक्षा गार्डों से नियमों का पालन कराने के लिए कहा जाएगा।
-डॉ. नसरीन, सीएमएस, महिला अस्पताल