धनगढ़ी (नेपाल)। कोरोना को लेकर गत तीन माह से चल रहे लॉकडाउन के दौरान गौरीफंटा-त्रिनगर धनगढ़ी नाका सहित भारत से लगभग 2.63 लाख नेपाली स्वदेश नेपाल लौटे हैं। वहीं नेपाल से भी एक लाख के करीब भारतीय, भारत लौटे हैं।
कोरोना बीमारी से बचने को लेकर नेपाल में गत 22 मार्च से लॉकडाउन चल रहा है। नेपाल के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक लॉकडाउन में कोरोना के जो भी केस मिले हैं उनमें सबसे अधिक विदेशों से आने वाले नेपालियों के कारण हैं। बताया गया है कि लॉकडाउन के दौरान भारत से गौरीफंटा-त्रिनगर, बनवसा-गडडा चौकी, दार्चुला-धारचुला सहित बीस नाकाओं से दो लाख 63 हजार नेपाली स्वदेश लौटे। जबकि नेपाल से करीब एक लाख तीन हजार भारतीय भारत लौटे। जिसमें सबसे कम सुदूरपश्चिम के नाका से मात्र 15 हजार लौटे हैं। संवाद
पांच माह का शिशु निकला कोरोना पॉजिटिव
धनगढ़ी। कैलाली जिले के धनगढ़ी में सेती प्रादेशिक अस्पताल के सूचना अधिकारी दिलीप कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि अस्पताल में कोरोना की हुई जांच में जिले के ही एक पांच माह का शिशु कोरोना पॉजिटिव मिला है। इसके साथ ही तीन वर्षीय बालिका और आठ वर्षीय बालक भी कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं।
नेपाल के नौ जिलों में तेजी से फैल रहा कोरोना का कहर
धनगढ़ी-नेपाल। नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश के नौ जिलों में कोरोना पॉजिटिव के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कैलाली जिले में 387 सहित सुदूर पश्चिम में कुल 1210 केस हो गए हैं। जिसको लेकर सरकार फिर से लॉकडाउन की तैयारी की रणनीति बना रही है। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट पेश की है। जिसमें नेपाल के 77 जिलों में 28 रेड जोन, 28 यलो तथा 20 जिलो को ग्रीन जोन में रखा गया है। लगातार बढ़ रहे प्रदेश में मरीजों को देखते हुए अन्य लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।