लखीमपुर खीरी। जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिर भी बाजार में निकलते समय लोग सुरक्षा नियमों को नजरंदाज कर रहे हैं। वह न तो मास्क लगा रहे हैं न ही शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं।
अनलॉक एक में काफी छूट मिली है। दुकानों के साथ ही मॉल आदि भी खोल दिए गए हैं। वाहनों को भी चलाने की इजाजत है। कोरोना संक्रमण से सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने गाइडलाइन भी जारी की है। इसके तहत दुकानों में शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य है। बगैर मास्क के बाहर जाने पर रोक हैं। बिना मास्क पकड़े जाने पर 100 रुपये जुर्माना देने का प्रावधान किया गया है। मॉल, बड़े शोरूम, दुकानों में थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजर रखने के निर्देश हैं, लेकिन शहर में इक्का-दुक्का दुकानों को छोड़कर कहीं पर भी नियमों का पालन नहीं हो रहा है। गुरुवार को बाजार में काफी भीड़ रही। इसमें अधिकतर लोगों ने मास्क नहीं लगाया था। न ही मुंह को रूमाल आदि से ढका था। दुकान से लेकर फुटपाथ तक लोग एक दूसरे से सटकर खरीदारी कर रहे थे। कहीं पर भी शारीरिक दूरी के मानक का पालन नहीं किया जा रहा था। किराना बाजार, खपरैल मार्केट और मुख्य सड़कों पर काफी भीड़ रही। ऐसे में थरवरनगंज और संकटादेवी चौराहा पर जाम की स्थिति बनी रही।
ई-रिक्शा चालक भी कर रहे अनदेखी
ई रिक्शा चालक निर्धारित संख्या से अधिक सवारियां लेकर चल रहे हैं। सैनिटाइज भी नहीं कराया जा रहा है। इससे लोग संक्रमण का शिकार हो सकते हैं। दो से अधिक लोगों को बैठाकर चालक रिक्शा चला रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की उन पर नजर नहीं पड़ रही है।
मास्क तो दूर हेलमेट भी नहीं लगाते चालक
मास्क और हेलमेट लगाना अनिवार्य है। इसके बाद भी बाइक चालक न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही हेलमेट। लोग अपनी जान की चिंता किए बगैर सड़कों पर नजर आ रहे हैं।
मास्क न होने पर जुर्माने किया जाता है। हेलमेट को लेकर पुलिस चेकिंग कर कार्रवाई कर रही है। सवारी ढोने वाले वाहनों को लेकर थाना प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस नियमों का कड़ाई से पालन करा रही है
-शैलेेंद्रलाल, एएसपी