लखीमपुर खीरी। उत्तराखंड के हरिद्वार से बुधवार को चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन 142 लोगों केे लेकर गुरुवार सुबह 6:40 बजे लखीमपुर स्टेशन पहुंची। इसमें 109 लोग जिले के एवं अन्य लोग गैर जनपद के रहने वाले हैं। जिला प्रशासन ने 10 लोगों को छोड़कर सभी को थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद बस से होम क्वारंटीन के लिए घर भिजवाया।
गुरुवार सुबह स्टेशन पर श्रमिक स्पेशल ट्रेन के पहुंचने से पहले ही जिला प्रशासन ने इनकी स्क्रीनिंग कराने से लेकर खाना, अनाज किट एवं घर तक भिजवाने की तैयारियां पूरी कर ली थी। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची जीआरपी, आरपीएफ एवं कोतवाली पुलिस ने चार स्वास्थ्य टीमों से सभी की स्क्रीनिंग कराई। इसके बाद प्रवासियों को चाय नाश्ता और खाना खिलवाया गया। इसके बाद सभी को शहर के क्वारंटीन सेंटर भेजकर एक बार फिर स्क्रीनिंग कराई गई, जिसके बाद 10 लोगों को छोड़कर जिले सहित अन्य जनपदों के छात्र और श्रमिकों को रोडवेज बस से उनके गृह जनपद भिजवाया गया। सभी प्रवासियों को जिला प्रशासन ने अनाज किट देकर 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए। इस दौरान रेलवे के स्थानीय अधिकारियों सहित तहसील प्रशासन मौजूद रहा।
ट्रेन से आए प्रवासी
लखीमपुर-109, सीतापुर- 22- पीलीभीत- दो , नेपाल- एक, गोरखपुर- एक, बलिया- तीन, देवरिया- तीन, कुशीनगर- एक
आसपास के लोगों को घर भेज दिया गया है लेकिन नेपाल, गोरखपुर, बलिया और देवरिया आदि जिलों के 10 लोग अभी क्वारंटीन सेंटर पर रोका है। जल्द ही इन्हें गृह जनपद भेजा जाएगा।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम