लखीमपुर खीरी। अनलॉक-एक में सरकार ने काफी छूट दी है। रोडवेज बसें और ऑटो रिक्शा भी चलने लगे हैं। इससे सोमवार को सड़कों से लेकर बाजारों तक काफी भीड़ दिखी, जिससे जिंदगी एक बार फिर पटरी पर लौटती नजर आई। इ.सके विपरीत कोरोना संक्रमण के खतरे को लेकर लोग अब भी गंभीर नहीं दिखे। जहां बिना मास्क के अनेक लोग दिखे तो निर्धारित नियमों का पालन होता नहीं दिखा।
कोरोना को लेकर चल रही जंग में वैसे तो लॉकडाउन-4 से ही जिंदगी पटरी पर लौटने लगी थी, लेकिन अनलॉक-एक में पहली जून से छूट में और वृद्धि कर दी गई है। अब ई-रिक्शा, टेंपो, बस आदि के चलने की छूट भी मिल गई है। इससे जहां सड़कों पर वाहनों की भीड़भीड़ बढ़ गई, वहीं बाजारों में रौनक में भी वृद्धि हो गई है। सोमवार को अस्पताल रोड, मेन रोड, संकटा देवी चौराहा आदि पर काफी भीड़ रही। खपरैल बाजार, किराना मार्केट, गुड़मंडी, सराफा और कपड़ा बाजार सहित कई मंडियां गुलजार रहीं। भीड़भाड़ के कारण संकटा देवी चौराहा पर जाम की स्थिति बनी रही। नमक मंडी में भी काफी भीड़ रही। बसें तो चलीं, लेकिन कई बसों में सवारियां नहीं थीं। इधर बाजारों में भीड़भाड़ तो रही लेकिन कोरोना संक्रमण को लेकर गंभीर नहीं दिखे। दुकानों पर भी लोग सामाजिक दूरी तोड़कर खरीदारी करते मिले। जबकि जिले में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले मिल रहे हैं। ऐसे में जरा सी असावधानी सभी पर भारी पड़ सकती है।
ममरी। प्रदेश और जिला प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार सोमवार को कसबा ममरी, महेशपुर, अजान, घरथनियां, रोशननगर, झाऊपुर, अहमदनगर आदि स्थानों की सभी दुकानें खुली रहीं, जहां काफी चहल पहल रही। सड़कों पर रोडवेज बसों, दो और चार पहिया वाहन भी दिखे लेकिन काफी संख्या में लोग मास्क लगाए बगैर दिखे।