निघासन (लखीमपुर खीरी)। महाराष्ट्र से आए दो भाइयों में एक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पुलिस ने रकेहटी गांव के एक बड़े इलाके को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया है। इस प्रकार जिले में 12 कन्टेंमेंट जोन हो गए हैं। युवक के घर के आसपास इलाके में बैरिकेडिंग करवा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर लोगों से एहतियात बरतने और नियमों का पालन करने को ताकीद की।
रकेहटी निवासी दो युवक मुंबई में काम करने गए थे। 16 मई को यह लोग घर लौटे। दोनों निघासन के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में क्वारंटीन थे। 24 मई को उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से बुधवार को एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गुरुवार को एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता, सीओ प्रदीप वर्मा, प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह सहित कई अफसर गांव पहुंचे। युवक के घर के पास के इलाके में बैरिकेडिंग करवाई। साथ ही लोगों से सावधानी बरतने और इधर-उधर टहलने से परहेज करने की अपील की। निघासन सीएचसी प्रभारी डॉ. लालजी पासी ने बताया कि दोनों में से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी वजह से गांव के उस एरिया को सैनिटाइज करने के साथ ही एक आशा, आंगनबाड़ी वर्कर, लेखपाल व एक पुलिसकर्मी की टीम बनाकर संक्रमित एरिया के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह ने सभी को सामाजिक दूरी बनाने और बिना मास्क न निकलने की हिदायत दी है।
बनकागांव में होम क्वारंटीन प्रवासी श्रमिकों को लेकर ग्रामीण चिंतित, स्क्रीनिंग करवाए जाने की मांग
उचौलिया बनकागांव समेत क्षेत्र के अन्य गांवों में प्रवासी कामगारों का आना जारी है। बनकागांव में पिछले एक सप्ताह में दिल्ली, मुंबई, गोवा आदि स्थानों से करीब 26 प्रवासी लौटे हैं। वहीं कुछ लोग दिल्ली से निजी वाहनों से आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इनकी स्क्रीनिंग नहीं की गई है। उन्होंने स्क्रीनिंग करवाए जाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शारिक हुसैन ने बताया कि इनमें गोवा से लौटे प्रवासी विद्यालय में और अन्य होम क्वारंटीन हैं। भाजपा पसगवां मंडल अध्यक्ष अमरीश तिवारी ने बताया कि गांव में कुछ होम क्वारंटीन प्रवासी संदिग्ध हैं जो अपना इलाज चोरी छिपे करा रहे हैं। इनसे गांव में अन्य लोगों को खतरा है। जरूरी है कि इनकी जांच हो।
इधर, सीएचसी पसगवां अधीक्षक डॉ. अश्वनी कुमार वर्मा ने बताया कि बनकागांव में एक सप्ताह पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवकों के परिजन की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके अलावा अन्य प्रवासी कामगारों की स्क्रीनिंग की जा रही है। संदिग्ध पाए जाने पर कुछ प्रवासियों की कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजे जाएंगे।
बेहजम में भर्ती कोरोना संक्रमित नकहा के जगसड़ में शिफ्ट
लखीमपुर खीरी बेहजम स्थित कोरोना अस्पताल लेवल- वन में भर्ती 29 कोरोना संक्रमित मरीजों को नकहा के राजकीय दृष्टिबाधित स्पर्श बालिका विद्यालय, जगसड़ में गुरुवार को शिफ्ट कर दिया गया।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 63 संक्रमित मिले हैं, जिसमें से 34 की रिपोर्ट निगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर जगसड़ में मरीजों को भर्ती किया जाएगा। बेहजम में पिछले 14 दिन से संक्रमितों का इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम को क्वारंटीन करने के लिए बेहजम में भर्ती संक्रमितों केे नकहा के जगसड़ में शिफ्ट कराकर नए चिकित्सीय दल की ड्यूटी लगाई गई है।
डीएम ने बताया कि चिकित्सीय दल में छह डॉक्टर, छह नर्स, दो फार्मासिस्ट, दो प्रयोगशाला सहायक, तीन वार्ड ब्वाय और छह सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं।