लखीमपुर खीरी। डीएम के बिना मास्क निकल रहे लोगों और दो सवारी बाइक चालकों पर कड़ी कार्रवाई के फरमान के बाद भी लोग हैं कि मान ही नहीं रहे। कोरोना संक्रमण को लेकर उनको अपनी चिंता है न परिवार वालों की। ऐसे में लॉकडाउन के नियमों का धड़ल्ले से उल्लंघन किया जा रहा है।
बुधवार को संकटा देवी चौराहा से एक बाइक पर बिना मास्क लगाए तीन लोग ट्रिपल राइडिंग करते दिखे तो साइकिल से निकले लोग गले में गमछा पड़ा होने के बावजूद बिना मुंह ढके थे। इसी प्रकार एक अन्य बाइक पर भी तीन लोग दिखे, जिसमें चालक ने तो हेलमेट लगा रखा था पर पीछे बैठे लोग मास्क नहीं लगाए थे। इसी तरह ईसानगर में भी बिना मास्क लगाए एक बाइक पर तीन लोग फर्राटा भरते दिखे।
यहां बता दें कि मास्क न लगाने या गमछे, रुमाल, दुपट्टे, स्कार्फ से चेहरा ढका न होने पर 500 रुपये तक जुर्माना है तो बेवजह घर से निकलने या दो सवारी बाइक से निकलने पर 1000 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है तो लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी हो सकती है।
यातायात निरीक्षक सूर्यमणि यादव ने बताया मास्क न लगाने पर करीब 50 लोगों के चालान किए जा चुके हैं। बेवजह बाइक से निकल रहे लोगों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
गोला: सात वाहनों का चालान कर 27850 रुपये जुर्माना वसूला
लॉकडाउन में बिना मास्क, डबल, ट्रिपल बाइक राइडिंग कर सड़कों पर फर्राटा भरा तो खैर नहीं होगी। प्रशासन ने लॉकडाउन तोड़ने वालों और वाहनों पर फर्राटा भरने वालों पर कार्रवाई के लिए नई एडवाइजरी जारी कर जुर्माना वसूलने का अभियान शुरू कर दिया है। सीओ आरके वर्मा के दिशा निर्देशन में पुलिस ने सात वाहनों का चालान कर 27850 रुपये जुर्माना वसूल किया। पुलिस की कार्रवाई से बाइकों से फर्राटा भरने वालों में अफरातफरी है। सीओ आरके वर्मा ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों को लॉकडाउन के निर्देशों का पालन करते हुए मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन कर एक बाइक पर एक ही व्यक्ति को चलने का निर्देश दिया गया है।
मैलानी: 94 लोगों का चालान, 17600 रुपये जुर्माना वसूला
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि बिना मास्क लगाए 27 लोगों से 2700 रुपये, लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन पर 14 लोगों से 1400 रुपये और बाइक की पिछली सीट पर यात्रा करने वाले 53 लोगों से 13500 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार 94 लोगों का चालान कर कुल 17600 रुपये जुर्माना वसूला गया है।
बांकेगंज: 30 वाहनों का चालान कर पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला
यहां मास्क न पहनने और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने पर 30 वाहनों का चालान कर पांच हजार रुपये समन शुल्क वसूला गया। इधर, लॉकडाउन का पालन कराने के लिए एसडीएम अखिलेश यादव और सीओ गोला आरके वर्मा ने बुधवार मुख्य बाजार और बैंकों का पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य बाजार, बैंकों और सार्वजनिक स्थलों पर दो मीटर से कम दूरी पर खड़े मिले लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने का हर हाल में पालन करने का पाठ पढ़ाया। साथ ही बगैर मास्क लगाए मिले लोगों को फटकार लगाई और जुर्माने की चेतावनी दी। दोनों अधिकारियों ने दुकानदारों को आगाह किया कि रोस्टर के हिसाब से ही अपनी दुकानें समय से खोलें, ताकि लॉकडाउन का पूरी तरह पालन हो और आमजनों को कोई दिक्कत न हो। चौकी इंचार्ज अनेक पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
गुलरिया: बैंकों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं
बैंकों पर लोगों को धन निकासी के लिए सुबह से लाइन में खड़ा होना पड़ता है। ऐसे में न तो सामाजिक दूरी का पालन होता है और न ही बैंक कर्मियों के समझाने पर ग्राहक मानते हैं।
आर्यावर्त बैंक मालपुर, पड़रिया तुला, भानपुर में बैंक के बाहर सुबह से ही ग्राहक लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं। गन्ना भुगतान, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला, छात्रवृत्ति आदि योजनाओं का धन बैंक खाते के माध्यम से ही उपभोक्ताओं को मिल पाता है तो बैंकों में भी स्टाफ की कमी से कार्य भी धीमी गति से होता है ऐसे में लाभार्थी पूरा दिन गर्मी में बगैर भोजन, पानी के लाइन में लगे रहते हैं। एक तरफ तो कोरोना वैश्विक महामारी का डर है दूसरी तरफ घरेलू खर्च के लिए पैसे की जरूरत। ऐसे में ग्राहकों की मजबूरी है कि जल्दी नंबर आने की उम्मीद में आपस में सट कर खड़े हो जाते हैं।